ग्वालियर। शहर के प्रमुख मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों के चलते कई इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में आमजन को जाम से राहत दिलाने के लिए झांसी रोड यातायात थाना पुलिस द्वारा वैकल्पिक मार्ग तलाशने की कवायद शुरू की गई है।
इसी क्रम में झांसी रोड यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी के नेतृत्व में यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम ने शहर के कई प्रमुख स्थानों का सर्वे किया। टीम ने ऐसे मार्गों को चिन्हित करने का प्रयास किया, जहां से यातायात को डायवर्ट कर प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को कम किया जा सके।
दरअसल, रानी लक्ष्मीबाई समाधि से फूलबाग होते हुए गुरुद्वारा तक मार्ग बंद होने के कारण आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ा है। इसका असर ऑफिसर्स कॉलोनी, एलआईसी तिराहा, मोतीमहल तिराहा, बैजाताल और हाथी गेट सहित आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।
सर्वे के दौरान सिंधिया कन्या विद्यालय के पास स्थित मुरार गेट से यातायात को वसंत विहार और झांसी रोड की ओर डायवर्ट करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। इस वैकल्पिक व्यवस्था से एलआईसी तिराहे पर बढ़ने वाले यातायात के दबाव को कम करने की उम्मीद है।
बताया गया कि नए पड़ाव ब्रिज और पड़ाव चौराहे की ओर से आने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें झांसी रोड या वसंत विहार की ओर जाना होता है, उन्हें एलआईसी तिराहे पर यू-टर्न लेना पड़ता है। इसके चलते यहां कई बार यातायात का दबाव बढ़कर जाम की स्थिति बन जाती है।
यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम द्वारा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों का भी सर्वे किया जा रहा है, ताकि जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग विकसित किए जा सकें। यातायात पुलिस का उद्देश्य निर्माण कार्यों के दौरान बढ़े यातायात दबाव को व्यवस्थित करना और आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी की इस पहल से उम्मीद है कि आने वाले दिनों में शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी और वाहन चालकों को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिल सकेगी




















