धक्का लगाने के बहाने बस चालक को कार के पास बुलाया, 2-3 फायर कर भागे थे बदमाश; सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र के सहारे नाका चन्द्रबदनी से स्विफ्ट कार सहित दबोचे गए तीन आरोपी, एक फरार की तलाश जारी
ग्वालियर। स्कूल बस को बीच रास्ते रोककर चालक को धक्का लगाने के बहाने कार के पास बुलाना और फिर कट्टे से उस पर 2-3 फायर कर फरार हो जाना। ग्वालियर में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद की है, जबकि फायरिंग में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
घटना 12 सितंबर की सुबह की है। ग्राम सलैया निवासी 36 वर्षीय खेम सिंह यादव ग्लोरियश स्कूल टेकनपुर की स्कूल बस चला रहे थे। बस में हेल्पर के साथ स्कूली बच्चे भी सवार थे। समूदन से पहले वेयर हाउस पुलिया के पास बीच सड़क पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार खड़ी मिली। बस चालक ने हेल्पर को कार हटवाने के लिए भेजा तो कार में बैठे लोगों ने पेट्रोल और सीएनजी खत्म होने की बात कहते हुए बस चालक को धक्का लगाने के लिए बुलाने को कहा।
खेम सिंह जैसे ही कार के पास पहुंचे, कार में बैठे एक व्यक्ति ने कट्टा निकाल लिया और जान से मारने की नीयत से उन पर 2-3 फायर कर दिए। फायरिंग से बचने के लिए खेम सिंह मौके से भागे, लेकिन गोली के छर्रे उनके चेहरे पर लगे, जिससे वह घायल हो गए। वारदात के बाद कार सवार चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल खेम सिंह की रिपोर्ट पर थाना पिछोर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 194/26, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में एसडीओपी डबरा, सीएसपी महाराजपुरा, एसडीओपी बेहट सहित विभिन्न थाना प्रभारियों की पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया।
पुलिस टीमों ने वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान के साथ उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्कूल बस चालक पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपी नाका चन्द्रबदनी के पास स्विफ्ट कार सहित मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर पेट्रोल पंप के पास से तीन संदिग्धों को स्विफ्ट कार सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अर्जुन उर्फ भीमा यादव निवासी सलैया थाना पिछोर, अभिषेक यादव निवासी बंधौली थाना उटीला और शिवम यादव निवासी सोंसा थाना उटीला के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्कूल बस चालक पर कट्टे से फायरिंग करना स्वीकार किया है। वारदात में शामिल राहुल यादव निवासी बंधौली अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस टीमों द्वारा की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से अवैध हथियार और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ जारी है।
पुलिस जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अर्जुन उर्फ भीमा यादव के भाई श्रीकृष्ण यादव की वर्ष 2022 में सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। खेम सिंह यादव और श्रीकृष्ण यादव शादी के कार्ड लगाकर वापस सलैया जा रहे थे, इसी दौरान सिमरिया टेकरी के आगे ग्वालियर-झांसी हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। श्रीकृष्ण यादव की मौत के बाद अर्जुन को संदेह था कि खेम सिंह घायल श्रीकृष्ण को मौके पर छोड़कर भाग गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर खेम सिंह को निशाना बनाया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों अभिषेक यादव और शिवम यादव के खिलाफ पूर्व में भी थाना उटीला और थाना थाटीपुर में दो-दो अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त कट्टे की बरामदगी और फरार आरोपी राहुल यादव की गिरफ्तारी को लेकर पूछताछ एवं तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच, पिछोर, डबरा, उटीला, हस्तिनापुर, गिजौर्रा, टेकनपुर चौकी, भितरवार, आरोन सहित साइबर सेल की टीमों की भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फायरिंग की वारदात के बाद तीन आरोपियों को कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।




















