
राजस्व, नगर निगम, बिजली और पुलिस से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं; 45 आवेदन दर्ज, 60 विभागीय अधिकारियों को सौंपे
कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जन-सुनवाई में जिलेभर से पहुंचे 105 आमजनों की समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। अपर कलेक्टर श्री सी.बी. प्रसाद एवं श्री अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आवेदकों से एक-एक कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित विभागों को निराकरण के निर्देश दिए।
जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले सामने आए। जमीन से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के लिए सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए गए। वहीं नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को भी प्राथमिकता के साथ निराकृत करने की हिदायत अधिकारियों को दी गई।
जन-सुनवाई के दौरान मदद की आस लेकर पहुंचे जरूरतमंदों को राहत देते हुए नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था भी कराई गई। प्रशासन ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार जन-सुनवाई में प्राप्त 105 आवेदनों में से 45 आवेदन दर्ज किए गए, जबकि शेष 60 आवेदन संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक टीप के साथ समय-सीमा में निराकरण के लिए सौंपे गए।



















