जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने किया आत्मीय स्वागत, 25 सितंबर को ग्वालियर में होगा मुख्य जनसंवाद
ग्वालियर, 23 सितंबर 2026। सेवा-संकल्प अभियान के तहत बड़नगर से वाराणसी के लिए निकाली जा रही बाइक रैली गुरुवार देर शाम ग्वालियर जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर बेहट पहुँची। संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में रैली में शामिल प्रतिभागियों का भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्पमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
रैली में शामिल सदस्यों ने बेहट स्थित तानसेन स्मारक पहुँचकर संगीत सम्राट तानसेन को नमन किया और उनकी जन्मस्थली के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को जाना। रैली के ग्वालियर पहुँचने पर स्थानीय लोगों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
सेवा-संकल्प अभियान के तहत निकली यह बाइक रैली 25 सितंबर को प्रातः 9 बजे ग्वालियर के शिवपुरी लिंक रोड स्थित शिवहरे गार्डन में आयोजित मुख्य जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, शासकीय योजनाओं के हितग्राही और बड़ी संख्या में नागरिक रैली में शामिल प्रतिभागियों से सीधा संवाद करेंगे।




















