कलेक्टर ने लोगों को अपने कक्ष में बुलाकर सम्मानपूर्वक सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
ग्वालियर। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनसुनवाई में पहुंचे लोगों को अपने कक्ष में बुलाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया।
राजस्व से लेकर बिजली और नगर निगम से जुड़े आवेदन पहुंचे
जनसुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं लेकर आमजन पहुंचे। जमीन संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण के लिए सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए गए। वहीं नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने की हिदायत नगर निगम अधिकारियों को दी गई।
95 आवेदन प्राप्त, 60 दर्ज और 35 विभागों को भेजे
जनसुनवाई में कुल 95 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 60 आवेदन दर्ज किए गए, जबकि शेष 35 आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक टीप के साथ समय-सीमा में निराकरण के लिए भेजा गया। प्रशासन की ओर से आवेदकों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज की भी कराई व्यवस्था
जनसुनवाई में मदद की आस लेकर पहुंचे जरूरतमंद लोगों को भी प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ सुना। ऐसे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था भी कराई गई। इससे जनसुनवाई में प्रशासन की संवेदनशील और जनहितकारी कार्यप्रणाली देखने को मिली।
कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिला दंडाधिकारी श्री सी.बी. प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आमजनों की समस्याएं सुनीं। संयुक्त कलेक्टर श्री सुरेश कुमार बरहादिया, एसडीएम झाँसी रोड श्री अतुल सिंह, एसडीएम ग्वालियर सिटी श्री प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे और आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।



















