ग्वालियर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ ग्वालियर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बेलगढ़ा पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 57 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर वाहन को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर के निर्देशन तथा एसडीओपी भितरवार गगन हनवत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बेलगढ़ा उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार प्रजापति के नेतृत्व में 17 अगस्त को बेलगढ़ा पुलिया के सामने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो पुलिस की चेकिंग देखकर पीछे की ओर करने का प्रयास करने लगी। वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर बोलेरो को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की डिग्गी में दो कट्टे मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने मादक पदार्थ की तौल कराई तो कुल वजन 57 किलो 600 ग्राम निकला। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई है।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम जितेन्द्र रावत, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम देवरी कला, थाना बेलगढ़ा, ग्वालियर बताया, जबकि उसके साथ बैठे युवक की पहचान सोनू, उम्र 22 वर्ष, निवासी देवरी कला, थाना बेलगढ़ा, ग्वालियर के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 57.600 किलोग्राम गांजा तथा बोलेरो वाहन क्रमांक UP84-J-6973 विधिवत जब्त कर लिया। मामले में थाना बेलगढ़ा में अपराध क्रमांक 47/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गांजे की सप्लाई, इसके स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बेलगढ़ा उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार प्रजापति, प्रधान आरक्षक रमेश सिंह, आरक्षक हरगोविंद, संदीप गुर्जर, धीरज राठौर और गौरव जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















