follow us on:

महाराजपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जेल में बंद आरोपी की निशानदेही पर सोने के जेवर बरामद

ग्वालियर पुलिस ने थाना महाराजपुरा क्षेत्र में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रीवा केंद्रीय जेल में बंद आरोपी की निशानदेही पर सोने की चेन और चार अंगूठियां बरामद की हैं। साथ ही एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भी सोने के जेवर जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आदित्य भदौरिया को न्यायालय की अनुमति से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर पीर बाबा दरगाह के पीछे टाइगर चौक क्षेत्र से एक सोने की चेन और चार सोने की अंगूठियां बरामद की गईं।

पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर विष्णु गुर्जर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक जोड़ी सोने के बाले और एक जोड़ी सोने की छोटी बालियां बरामद हुईं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि ये जेवर उसे आदित्य भदौरिया ने दिए थे। उसने यह भी स्वीकार किया कि अन्य सोने के जेवर गलाकर उनकी कीमत करीब 3.97 लाख रुपये आदित्य को देने की बात हुई थी।

मामला क्या है?

2 जून 2026 को शताब्दीपुरम निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी आदित्य भदौरिया ने उनकी बेटी को झूठा संदेश भेजकर खुद के दुर्घटनाग्रस्त होने और पैसों की तत्काल जरूरत होने का झांसा दिया। इस पर बेटी ने घर में रखे करीब 20 से 21 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर और एक लाख रुपये नकद आरोपी को दे दिए। बाद में आरोपी ने बताया कि वह सट्टे में सब कुछ हार चुका है।

इस शिकायत पर थाना महाराजपुरा में अपराध क्रमांक 309/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

बरामदगी

आदित्य भदौरिया की निशानदेही पर: 1 सोने की चेन, 4 सोने की अंगूठियां।

विष्णु गुर्जर से: 1 जोड़ी सोने के बाले और 1 जोड़ी सोने की छोटी बालियां।

फिलहाल पुलिस शेष आरोपियों की तलाश और बाकी जेवरों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।

Adverise

Latest PDFs

Achleshwar express edition 24 August

24/08/2026