ग्वालियर, 10 अगस्त 2026। स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में स्कूली वाहनों, एम्बूलेंस, ऑटो रिक्शा, अन्य यात्री वाहनों तथा ट्रैक्टरों की सघन जांच अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर सोमवार को परिवहन विभाग ने विशेष रूप से एम्बूलेंस वाहनों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने बताया कि जांच के दौरान एम्बूलेंस सहित विभिन्न यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों की कमी पाए जाने पर कुल 1 लाख 5 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क (जुर्माना) लगाया गया।
सोमवार को संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी प्रवीण नाहर के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

















