follow us on:

सिर्फ 6 दिन में 1.50 करोड़ की चोरी का खुलासा, गुना पुलिस की बड़ी कामयाबी; 2 आरोपी गिरफ्तार, सोने के जेवर बरामद

चक चुरेला की बहुचर्चित चोरी का पर्दाफाश, सभी आरोपी चिन्हित; फरार बदमाशों की तलाश में मध्यप्रदेश-राजस्थान में लगातार दबिश

गुना। गुना पुलिस ने फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में हुई बहुचर्चित चोरी की वारदात का महज छह दिन में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 985.150 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 47 लाख 77 हजार 250 रुपये है, बरामद किए हैं। शेष आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 2-3 जुलाई 2026 की रात बाबूलाल मीना के घर से तिजोरी चोरी कर ली गई थी। तिजोरी में करीब 2 से 2.5 किलो सोने के जेवर, 3 किलो चांदी के जेवर, 11.50 लाख रुपये नकद और एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल रखी थी। घटना के बाद थाना फतेहगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और विशेष टीमें गठित कीं। ग्रामीण क्षेत्र होने और आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वाड, मुखबिर तंत्र और वैज्ञानिक विवेचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान सामने आया कि वारदात को पारदी गिरोह के बदमाशों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने राजू पुत्र कवरया पारदी (35) और गजानंद पुत्र देवला पारदी (48) निवासी ग्राम कनेरा, थाना धरनावदा, जिला गुना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश में गुना, शिवपुरी, विदिशा, उज्जैन, रतलाम, भोपाल, इंदौर, देवास सहित राजस्थान के बारां, कोटा और झालावाड़ समेत कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। इसी अभियान के दौरान दो आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद करने में सफलता मिली।

पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ गुना पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई में फतेहगढ़ थाना, साइबर सेल सहित कई थानों और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Adverise

Latest PDFs

Achleshwar express edition 24 August

24/08/2026