पूरे जिले में एक साथ चला पुलिस का विशेष अभियान, 289 गुंडे-हिस्ट्रीशीटरों की जांच, अवैध शराब पर कार्रवाई, संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी।
ग्वालियर जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में रविवार देर रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। शहर से लेकर देहात तक पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए फरार वारंटियों, आदतन अपराधियों, गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर अपराधियों की धरपकड़ की। स्वयं एसएसपी ने शहर में अभियान का निरीक्षण कर अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 118 स्थाई वारंट और 127 गिरफ्तारी वारंट तामील कराते हुए कुल 245 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा 155 गुंडों और 134 हिस्ट्रीशीटरों, यानी कुल 289 आदतन अपराधियों की गहन जांच कर उनके रिकॉर्ड अपडेट किए गए। जिला बदर आरोपियों और हाल ही में जेल से रिहा हुए बदमाशों की भी विशेष निगरानी की गई।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशालाओं, ढाबों और संवेदनशील क्षेत्रों की सघन जांच की। संदिग्ध वाहनों तथा मुंह ढंककर घूमने वाले दोपहिया चालकों की भी सख्ती से चेकिंग की गई, जिससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।अवैध कारोबार के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना मोहना, बिजौली और जनकगंज में अवैध शराब के तीन प्रकरण दर्ज किए।

वहीं धारा 107/116 के तहत चार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और धारा 110 के तहत एक अन्य कार्रवाई कर संभावित उपद्रवियों पर भी शिकंजा कसा गया ग्वालियर पुलिस ने अभियान के दौरान अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।
पुलिस ने सभी गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और निगरानीशुदा बदमाशों को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए तो उनके विरुद्ध और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस तरह के लगातार अभियानों से साफ संकेत है कि ग्वालियर पुलिस अपराध नियंत्रण को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। आम नागरिकों की सुरक्षा और अपराधियों में कानून का भय बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

















