ग्वालियर। ग्वालियर निवासी भाजपा नेता शाहरुख खान पर उद्यानिकी विभाग के एक अधिकारी से तबादला कराने के नाम पर ₹5 लाख की मांग करने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, अधिकारी का तबादला सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत स्वतः हो जाने के बावजूद आरोपी लगातार पैसों की मांग करता रहा।
आरोप है कि जब पैसे नहीं मिले, तो शाहरुख खान ने उद्यानिकी विभाग के सचिव के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर आरोप लगाया कि विभाग में पैसों के बदले तबादले किए जाते हैं। पोस्ट सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया।बताया जा रहा है कि उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के पीए की शिकायत पर भोपाल क्राइम ब्रांच ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया इसके बाद भोपाल क्राइम ब्रांच की टीम ग्वालियर पहुंची और कोतवाली थाना पुलिस की सहायता से शाहरुख खान को हिरासत में लेकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की।
जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं।सूत्रों के अनुसार, आरोपी स्वयं को केंद्रीय मंत्री, उद्यानिकी मंत्री तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर प्रभाव जमाने का प्रयास करता था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

















