टिकट कटने के बाद पहली बार सार्वजनिक मंच से भावुक दिखे पूर्व गृह मंत्री, समर्थकों से कहा— पार्टी का फैसला सर्वोपरि है, अब जीत ही हमारा संकल्प है।
दतिया। दतिया उपचुनाव की सियासी सरगर्मियों के बीच पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा की आवाज भर्रा जाती है और वे भावुक नजर आते हैं।
उन्होंने अपने समर्थकों से कहा, “मैं एक-एक दरवाजे पर जाऊँगा और आशुतोष तिवारी को जिताऊँगा।” उनके इस बयान के साथ ही सभा स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ उनका समर्थन किया। मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच भी माहौल कुछ देर के लिए भावनात्मक हो गया।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद यह पहला बड़ा अवसर है जब नरोत्तम मिश्रा ने इतने स्पष्ट शब्दों में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के समर्थन का संकल्प दोहराया है।

















