follow us on:

Gwalior Corona Alert News: गांवों में बेकाबू संक्रमण तो जागा प्रशासन, देर से तैयारियां

Gwalior Corona Alert News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गांवों में कोरोना संक्रमण बेकाबू होने के बाद अब जिला प्रशासन को रोकथाम की याद आई है। मंगलवार को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने गांवों में संक्रमण रोकने के लिए बैठक ली और अधिकारियों को निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कोविड-19 संक्रमण गांवों में न फैले इसके लिए किल कोरोना अभियान को प्रभावी रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में क्रियान्वित किया जाए। जिन ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के मरीज निकले हैं, वहां बैरीकेटिंग कर पूरे गांव में दस दिन के लिए आने-जाने पर प्रतिबंध लगाया जाए। इस दौरान जो लोग भी प्रभावित पाए जाते हैं, उन्हें संस्थागत क्वारंटाइन कराने की व्यवस्था की जाए। जन-जागरूकता के साथ-साथ डोर टू डोर सर्वेक्षण कार्य भी पूरी गति के साथ किया जाए। बैठक में निगमायुक्त शिवम वर्मा, सीईओ जिला पंचायत किशोर कान्याल, सीईओ स्मार्ट सिटी जयति सिंह, एडीएम रिंकेश वैश्य, एडिशनल एसपी सतेंद्र सिंह, एसडीएम प्रदीप तोमर सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

तीन ब्लॉक में बनेंगे सौ-सौ बिस्तर के अस्पतालः कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी ब्लॉक डबरा, भितरवार, मोहना एवं मुरार में ग्रामीण क्षेत्र के कोरोना प्रभावित लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन कराने के लिए केंद्र निर्धारित कर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाएं। साथ ही डबरा, भितरवार एवं मोहना में 100-100 बिस्तर के अस्पताल भी चिन्हित कर सभी व्यवस्थाएं जिसमें आक्सीजन, चिकित्सक एवं अन्य व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने यह भी निर्देशित दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में अनावश्यक घूमने वालों के विरुद्ध भी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

Adverise