उपचुनाव में हर समाज तक पहुंचने की रणनीति पर भाजपा का जोर, टिकट विवाद के बाद संगठन सामाजिक समन्वय के जरिए चुनावी बढ़त बनाने में जुटा।
दतिया। विधानसभा उपचुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी अभियान को सामाजिक आधार पर मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने दतिया पहुंचकर कुशवाह समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि दतिया उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार की विकास नीतियों और संगठन की मजबूती का भी जनमत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर भाजपा की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने की अपील की।
भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी इस उपचुनाव में हर प्रमुख सामाजिक वर्ग के बीच लगातार संवाद अभियान चला रही है। टिकट घोषित होने के बाद पार्टी के भीतर जो असंतोष सामने आया था, उसके बाद अब संगठन सभी वर्गों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरने की रणनीति पर काम कर रहा है। वरिष्ठ नेताओं की लगातार बैठकें और समाज आधारित संवाद उसी अभियान का हिस्सा माने जा रहे हैं।
दतिया उपचुनाव पहले ही प्रदेश की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाई बन चुका है। भाजपा द्वारा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर विरोध और प्रदर्शन देखने को मिला था। हालांकि बाद में डॉ. मिश्रा स्वयं सार्वजनिक रूप से आशुतोष तिवारी के समर्थन में सामने आए और पार्टी प्रत्याशी को जिताने का संकल्प व्यक्त किया। इसके बाद भाजपा ने पूरे संगठन और विभिन्न सामाजिक वर्गों को एक मंच पर लाने का अभियान और तेज कर दिया है राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दतिया में कुशवाह समाज सहित अन्य प्रभावशाली सामाजिक वर्गों की भूमिका चुनाव परिणाम पर असर डाल सकती है। ऐसे में सांसद भारत सिंह कुशवाह का यह संवाद कार्यक्रम भाजपा की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सामाजिक समीकरणों को साधने की भाजपा की यह कोशिश मतदान के दिन कितनी प्रभावी साबित होती है।

















