टी.टी. नगर स्टेडियम से निकली विशाल तिरंगा यात्रा, प्रदेशवासियों से घर-घर तिरंगा फहराने की अपील; भोपाल को मिली नई एयर कनेक्टिविटी, 10 नए एयरपोर्ट बनाने का ऐलान

भोपाल, 09 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” का भव्य शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराने के बाद उन्होंने टी.टी. नगर स्थित तात्या टोपे स्टेडियम से विशाल तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूरा स्टेडियम राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया, जहां हजारों छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठन, व्यापारी और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वयं मोटरसाइकिल पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व करते हुए निकले। उन्हें इस अंदाज में देखकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और उनके साथ फोटो लेने की होड़ मच गई। यात्रा टी.टी. नगर स्टेडियम से महाराणा प्रताप लोक, सांदीपनि विद्यालय, न्यू मार्केट, रोशनपुरा और पॉलिटेक्निक चौराहे सहित विभिन्न मार्गों से होकर मुख्यमंत्री निवास पहुंची। रास्ते भर विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 9 से 14 अगस्त तक चलने वाले “हर घर तिरंगा अभियान” में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करने का अवसर है। उन्होंने 9 अगस्त 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी और देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना के साथ विश्व में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता, सुरक्षा और विकास के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि भोपाल को कोलकाता और पटना से नई हवाई सेवाओं की सौगात मिल रही है। भोपाल-रीवा-कोलकाता तथा भोपाल-पटना के लिए नई उड़ानें शुरू होंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भविष्य में लगभग 10 नए एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिससे निवेश, पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, विधायक हेमंत खंडेलवाल, रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

















