खनिज विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अवैध उत्खनन-परिवहन पर सख्त निगरानी के निर्देश
ग्वालियर, 13 सितम्बर 2026। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह रविवार की देर रात संबंधित अधिकारियों एवं खनिज विभाग की टीम के साथ बिलौआ खदान क्षेत्र के संयुक्त निरीक्षण पर पहुंचे।
देर रात हुए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खदान क्षेत्रों में मौके की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने खनिज विभाग की टीम को क्षेत्र में लगातार प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन अथवा अवैध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा।
प्रशासन की इस देर रात कार्रवाई से खनन क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




















