थाने से कुछ ही दूरी पर खुलेआम शराब बिक्री के आरोप, पुलिस की नजर नहीं या फिर संरक्षण का सवाल?
ग्वालियर जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई का दावा कर रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब पकड़ने और आरोपियों पर कार्रवाई की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन माधौगंज थाना क्षेत्र में कथित रूप से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री को लेकर अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि थाना क्षेत्र के कई इलाकों में अवैध शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है। हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि माधौगंज थाने से कुछ ही दूरी पर भी शराब की अवैध बिक्री होने के आरोप हैं। ऐसे में सवाल यह है कि जब जिले के दूसरे थाना क्षेत्रों में पुलिस अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, तो माधौगंज क्षेत्र में कार्रवाई इतनी कमजोर क्यों दिखाई दे रही है? क्या पुलिस को इन ठिकानों की जानकारी नहीं है या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही? सबसे गंभीर सवाल यह भी है कि कहीं इस पूरे खेल को किसी स्तर से संरक्षण तो नहीं मिल रहा? चर्चाओं में थाना प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, माधौगंज क्षेत्र में अवैध शराब के कथित ठिकानों, बिक्री के तरीकों और पुलिस की भूमिका को लेकर अचलेश्वर एक्सप्रेस अगले अंकों में विस्तार से पड़ताल प्रकाशित करेगा।




















