दो आरक्षकों के कथित खेल में उलझे थाना प्रभारी, कहीं दांव उल्टा न पड़ जाए!
थाने की अंदरूनी रणनीतियों को समझना हर किसी के बस की बात नहीं, लेकिन यहां कहानी कुछ अलग ही नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि दो आरक्षक लंबे समय से एक ही थाने में अपनी पकड़ बनाए हुए हैं। चार साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनकी पदस्थापना में बदलाव नहीं हुआ। अब चर्चा यह है कि थाना प्रभारी इन्हीं दोनों आरक्षकों को अपनी व्यवस्था का सबसे मजबूत आधार मानकर चल रहे हैं, जबकि पर्दे के पीछे चल रही कथित रणनीतियों को समझने में चूक कर रहे हैं।सूत्रों के बीच चर्चा है कि थाना प्रभारी के नाम और प्रभाव का हवाला देकर क्षेत्र में कथित वसूली का खेल चलाए जाने की शिकायतें अब बड़े स्तर तक पहुंचने लगी हैं। सवाल यह है कि क्या थाना प्रभारी तक पूरी जानकारी पहुंच रही है या फिर दो आरक्षकों की बनाई हुई रणनीति के बीच वास्तविक स्थिति उनसे छिपी हुई है? जिन पर भरोसा करके थाना प्रभारी अपनी व्यवस्था चला रहे हैं, कहीं वही भरोसा उनके लिए परेशानी का कारण न बन जाए।मामला केवल दो आरक्षकों की रवानगी तक सीमित दिखाई नहीं देता। यदि शिकायतों में दम पाया गया और जांच में कथित गतिविधियों की पुष्टि हुई, तो इसकी आंच थाना प्रभारी तक भी पहुंच सकती है। आरक्षकों का तबादला या रवानगी तो प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन कहीं ऐसा न हो कि उनके साथ थाना प्रभारी की कुर्सी पर भी संकट खड़ा हो जाए।फिलहाल थाने की अंदरूनी रणनीतियों और कथित वसूली की चर्चाओं के बीच थाना प्रभारी की भूमिका भी चर्चा का विषय बनी हुई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि महीने के अंत तक किसकी रवानगी होती है और किसकी कुर्सी सलामत रहती है। कहीं दो आरक्षकों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करना थाना प्रभारी को ही भारी न पड़ जाए!

















