बोल नहीं पाने वाले बालक ने इशारों से बताया गांव का रास्ता, जवानों ने समझी बात और सुरक्षित पहुंचाया घर
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए निरंतर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में डायल-112 सेवा के माध्यम से प्राप्त सूचना पर राघौगढ़ क्षेत्र में तैनात डायल-112 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से बिना बताए निकले एक 06 वर्षीय दिव्यांग बालक को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
आज दिनांक 10 सितंबर 2026 को प्रातः राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि राघौगढ़ थाना क्षेत्र में एक करीब 06 वर्षीय बालक घर से बिना बताए निकलकर रास्ता भटक गया है। बालक बोल नहीं सकता था ।
सूचना प्राप्त होते ही बिना विलंब किए राघौगढ़ थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को बालक की सहायता के लिए तत्काल रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक दीपक राठौर एवं पायलट कृष्णा मीणा मौके पर पहुंचे और बालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। बालक बोल पाने में असमर्थ था, जिसके चलते उसके परिजनों एवं निवास स्थान की जानकारी प्राप्त करना चुनौतीपूर्ण था। डायल-112 जवानों ने बालक के प्रति स्नेह एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उससे बातचीत करने का प्रयास किया। इस दौरान बालक ने हाथ के इशारों के माध्यम से अपने गांव एवं रास्ते की जानकारी बताई। जवानों ने बालक के इशारों को समझकर उसके बताए मार्ग एवं स्थान की जानकारी के आधार पर उसे डायल-112 एफआरव्ही वाहन से उसके गांव तक पहुंचाया। गांव पहुंचने पर पुलिस टीम द्वारा बालक की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन किया गया। सत्यापन उपरांत बालक को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने गुना पुलिस एवं डायल-112 जवानों का आभार व्यक्त किया।




















