follow us on:

कलारी सेल्समैन पर जानलेवा फायरिंग: मुरार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी अभिरक्षा में

ग्वालियर। थाना मुरार क्षेत्र में कलारी सेल्समैन पर जानलेवा फायरिंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ मुरार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में प्रयुक्त 315 बोर की देशी अधिया (कट्टा) पहले ही एक अन्य कार्रवाई के दौरान बरामद की जा चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, फरियादी शंकर द्विवेदी, जो खुरैरी स्थित देशी-विदेशी कलारी पर सेल्समैन है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जुलाई की रात आरोपी सैफ अली खान कम कीमत पर शराब मांगने आया। मना करने पर उसने गाली-गलौज की और वहां से चला गया। अगले दिन 29 जुलाई की शाम वह अपने दो साथियों के साथ दोबारा कलारी पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर कट्टे से फायर कर दिया। गोली फरियादी को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। शिकायत के आधार पर थाना मुरार में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी मुरार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मैना पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कृष्णानंद वाटिका के पास से मुख्य आरोपी सैफ अली खान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई 315 बोर की देशी अधिया उसने अपने साथी इरफान से ली थी और घटना के बाद उसे वापस कर दी थी। पुलिस ने बताया कि 5 अगस्त को इरफान को एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर इसी हथियार को पहले ही जब्त कर लिया गया था।

पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए विक्की उर्फ हृदेश मंडेलिया को 17 बीघा रोड, गुलाबपुरी से गिरफ्तार किया, जबकि मामले में शामिल एक बाल अपचारी को फक्कड़ बाबा क्षेत्र से पकड़कर अभिरक्षा में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सैफ अली खान (21 वर्ष) निवासी मुसलमान मोहल्ला, खुरैरी तथा विक्की उर्फ हृदेश मंडेलिया (20 वर्ष) निवासी खुरैरी, मुरार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ा दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मैना पटेल, उपनिरीक्षक राहुल अहिरवार, प्रधान आरक्षक नरवीर राणा, आरक्षक जगजीत सिंह, सतेन्द्र तोमर, जसवीर गुर्जर, देवेन्द्र साहू एवं संजय गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।

Adverise

Latest PDFs

Achleshwar express edition 24 August

24/08/2026