ग्वालियर, 10 अगस्त 2026। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) ने थाना आरोन परिसर में पौधारोपण किया।

इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण को सुरक्षित एवं संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
पौधारोपण कार्यक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर, एसडीओपी घाटीगांव श्री शैलेन्द्र शर्मा, थाना प्रभारी आरोन श्री रमाकांत उपाध्याय, थाना प्रभारी चीनोर श्री शैलेन्द्र गुर्जर, थाना प्रभारी भंवरपुरा श्री आलोक सिंह तोमर सहित वन विभाग के अधिकारी, ग्रामीणजन एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

















