ग्वालियर। फरार स्थाई वारंटियों और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्वालियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब सात वर्षों से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी एवं स्थाई वारंटी राहुल उर्फ संजू दुबे को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी महिला थाना ग्वालियर में दर्ज दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के मामले में लंबे समय से फरार था।

एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने की सटीक कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर फरार वारंटियों और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹10 हजार का इनाम घोषित था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।
तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र बना सफलता की कुंजी
डीएसपी महिला शाखा शिखा सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। सूचना मिलने पर विशेष टीम तत्काल मथुरा पहुंची और वृंदावन स्थित अटल्ला चौकी क्षेत्र में देर रात घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पॉक्सो और दुष्कर्म के मामले में था वांछित आरोपी
गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ संजू दुबे (57 वर्ष), निवासी मुडियन का कुआं, थाना कोतवाली, जिला दतिया, महिला थाना ग्वालियर के अपराध क्रमांक 197/2019 में भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 376(2)(डब्ल्यू), 370ए एवं पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में वांछित था। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
ग्वालियर लाकर न्यायालय में किया जाएगा पेश
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत ग्वालियर लाया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में अपराध शाखा, महिला थाना एवं विशेष टीम के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही

















