ग्वालियर। मेला यातायात थाने की कमान संभालने के बाद थाना प्रभारी प्रबल यादव एक्शन मोड में नजर आए। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और यातायात दबाव वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
थाना प्रभारी प्रबल यादव ने बारादरी चौराहा, हजीरा चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मौके की स्थिति देखी। इस दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने और सड़क घेरने वाले दुकानदारों को समझाइश दी गई।
थाना प्रभारी ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे सड़क और यातायात मार्ग को बाधित न करें, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। साथ ही स्पष्ट संदेश दिया गया कि समझाइश के बाद भी यदि कोई सड़क पर अवैध रूप से कब्जा कर यातायात बाधित करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रबल यादव के इस मैदानी निरीक्षण को यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। उनका फोकस शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या कम करने और आम लोगों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने पर नजर आ रहा है।
आपको बता दें कि 24 अगस्त को ग्वालियर एसपी धर्मवीर यादव द्वारा यातायात थाना प्रभारियों के स्थानांतरण किए गए थे। आदेश के तहत अभिषेक रघुवंशी को झांसी रोड यातायात थाने की जिम्मेदारी दी गई, जबकि प्रबल यादव को मेला यातायात पूर्वी थाने की कमान सौंपी गई। वहीं झांसी रोड यातायात थाना प्रभारी रहे नरेंद्र शर्मा को डबरा शहर एवं मध्य यातायात थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
पदभार संभालते ही प्रबल यादव के मैदान में उतरने से आने वाले दिनों में शहर की यातायात व्यवस्था में और सुधार देखने को मिल सकता है।





















