कंजर डेरा पर दबिश, 1200 लीटर गुड़ लहान किया नष्ट
ग्वालियर। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुरार पुलिस ने मोहनपुर के पास स्थित कंजर डेरा पर दबिश देकर करीब 1200 लीटर गुड़ लहान नष्ट किया।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहनपुर के पास कंजर डेरा में कच्ची शराब तैयार की जा रही है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद सीएसपी मुरार संदीप बांगरे और एसडीओपी बेहट मनीष यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल एवं चौकी प्रभारी बड़ागांव उपनिरीक्षक राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
दबिश के दौरान पुलिस टीम को नीले रंग के ड्रमों में बड़ी मात्रा में गुड़ लहान भरा मिला। हालांकि, मौके पर कच्ची शराब बनाने वाला कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने मौके पर ही करीब 1200 लीटर गुड़ लहान नष्ट कर दिया।
पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में लिप्त लोगों की तलाश जारी है।
सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना मुरार एवं चौकी बड़ागांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















